कानपुर, 21 फरवरी 2026
आरोपी करीब तीन वर्षों से पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि नौबस्ता निवासी एके बाजपेयी की शिकायत पर 16 फरवरी 2023 को मामला दर्ज किया गया था।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि उसके परिचित सतनाम सिंह ने नगर निगम में पहुंच होने का दावा करते हुए नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। इसके बाद उसने नौ लोगों से कुल 81 लाख 60 हजार रुपये ले लिए, लेकिन न तो किसी की नौकरी लगी और न ही रकम वापस की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया, जिसके बाद वह फरार हो गया। लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को लखनऊ के जानकीपुरम स्थित सहारा स्टेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी एक अंतरराज्यीय ठग है और उसने कुशीनगर जिले में भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ओटीपी, यूपीआई पिन और अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें, अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी संदिग्ध लेनदेन की तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर दी गई सूचना साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय मानी जाती है।



