मीरजापुर, 12 मार्च। शीतला अष्टमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में बुधवार रात श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। इस मौके पर मां शीतला का भव्य श्रृंगार किया गया और श्रद्धालुओं की ओर से 56 भोग अर्पित किए गए। इसके बाद आयोजित शीतला महोत्सव में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
महोत्सव में वाराणसी से पहुंचीं दूरदर्शन और आकाशवाणी की लोक गायिका रंजना राय ने सबसे पहले बड़ी शीतला माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद रोशनी से सजे मंच पर पहुंचकर मां का जयकारा लगाते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की।
रंजना राय ने देवी गीत और पचरा प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। उन्होंने “निमिया की डार मईया झूलेली झूलनवा हो”, “खोलूं ना मोरी शीतला मईया झांझरी केवड़िया हो सेवकवा लोग ना” और “जगदम्बे भवानी आई मोरे अंगना” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में कलाकार रविंद्र सिंह ज्योति, गीतांजलि मौर्या और काजल सहित अन्य कलाकारों ने भी भजन और लोकगीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर रात तक चले इस भक्ति संगीत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
शीतला अष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ यह भंडारा पूरी रात और अगले दिन सुबह तक चलता रहा। दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे शीतला धाम में भक्ति और उत्सव का वातावरण बना रहा।



