बेंगलुरु, 25 फरवरी।
शहर के चिक्कपेटे मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक सजावटी सामान की दुकान में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग लगने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



