रायपुर, 11 मार्च।
नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 13 और 14 मार्च को आदि परब ‘परम्परा से पहचान तक’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आदिम जाति विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
आदिम जाति विभाग के अधिकारियों के अनुसार जनजातीय समाज की रचनात्मकता, जीवन-दर्शन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा जनजातीय कला, संस्कृति और परम्पराओं को समर्पित आदि परब 2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इस आयोजन के अंतर्गत ‘आदि रंग’ के माध्यम से जनजातीय चित्रकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं ‘आदि परिधान’ के जरिए जनजातीय वेशभूषा पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। ‘आदि आख्यान’ के अंतर्गत जनजातीय विषयों पर सेमीनार आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा ‘आदि हाट’ में जनजातीय शिल्पकारों द्वारा तैयार हस्तशिल्प और पारम्परिक उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जाएगा। साथ ही जनजातीय संस्कृति और परम्पराओं से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।



