बाराबंकी, 07 मार्च।
कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर बाराबंकी के अभिजीत नंदन ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने परीक्षा में 294वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के लिए चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
आवास विकास क्षेत्र के रहने वाले अभिजीत नंदन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी खड़गपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पढ़ाई पूरी की। तकनीकी क्षेत्र में शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और लगातार मेहनत के बल पर अपना सपना साकार किया।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और स्थानीय लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि अभिजीत की सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है और यह दिखाती है कि समर्पण और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस सफलता पर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष पवन कुमार वर्मा ने उनके घर पहुंचकर अभिजीत को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



