बीकानेर, 12 मार्च।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त की गई शराब को नष्ट कराया। इस दौरान लगभग ढाई लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी और देशी शराब को जमींदोज कर दिया गया।
कार्रवाई के समय जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार, गजनेर थानाधिकारी राकेश स्वामी सहित पुलिस और आबकारी विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी इस प्रकार की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
जानकारी के अनुसार अलग-अलग 12 मामलों में अवैध परिवहन और बिक्री के दौरान पुलिस ने अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की थी। इन मामलों में न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार जब्त शराब को नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
गजनेर क्षेत्र में निर्धारित स्थान पर जेसीबी मशीन की सहायता से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान शराब की बोतलों को तोड़कर उनमें भरी मदिरा को जमीन में दबा दिया गया, ताकि उसका किसी भी तरह से दोबारा उपयोग न हो सके।


