नई दिल्ली, 03 मार्च 2026।
थाना भजनपुरा क्षेत्र में मंगलवार तड़के हवाई फायरिंग की घटना से मौजपुर इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने एक मकान के बाहर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार तड़के भजनपुरा थाने को फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौजपुर निवासी मोहम्मद अब्दुल कादिर (39) ने बताया कि दो से तीन अज्ञात युवक उसके घर के बाहर आए और हवा में गोलियां चलाने के बाद वहां से भाग निकले।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(6)/3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एहतियातन इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।


