रायपुर, 14 मार्च।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में आज शनिवार से दो दिवसीय पूर्व विद्यार्थी मिलन समारोह “एग्री टेक मिलन 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के पांच सौ से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है।
इस पूर्व विद्यार्थी मिलन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से लगभग ढाई सौ पूर्व विद्यार्थियों के पहुंचने की उम्मीद है। इस अवसर पर दो दिनों तक प्रौद्योगिकी प्रदर्शन मेला भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय द्वारा विकसित कई नई और उपयोगी कृषि तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा, जो किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकती हैं।
एग्री टेक मिलन 2026 का उद्घाटन आज प्रातः 11 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अजय वर्मा करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिष्ठाता, निदेशक, कुलसचिव तथा छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अजय वर्मा ने बताया कि महाविद्यालय में पहली बार इस प्रकार का पूर्व विद्यार्थी मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से पिछले लगभग 30 वर्षों में कृषि अभियांत्रिकी की पढ़ाई कर चुके 500 से अधिक पूर्व विद्यार्थी इस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।



