धमतरी, 10 फरवरी।
धमतरी जिले में लगातार खतरनाक सांप निकलने की घटनाओं के बीच बागतराई रांवा गांव में विशालकाय अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। खेत के पास अजगर देखे जाने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सर्पमित्र सूर्यकांत साहू मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर का सफल रेस्क्यू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर खेत किनारे एक गड्ढे में कुंडली मारकर बैठा था। इसकी लंबाई 10 फीट से अधिक और वजन करीब 15 किलोग्राम बताया जा रहा है। खेत से लौट रहे किसान की नजर अजगर पर पड़ते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सर्पमित्र को बुलाया गया, जिन्होंने बिना किसी नुकसान के अजगर को पकड़कर सुरक्षित बोरे में रखा।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र जंगल से सटा होने के कारण अक्सर जंगली जानवर और विषैले सांप रिहायशी इलाकों तक आ जाते हैं। हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं बढ़ने से लोगों में चिंता बनी हुई है। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। बताया गया कि पिछले दो महीनों में जिले में 10 से अधिक बड़े अजगरों का रेस्क्यू किया जा चुका है।
इस दौरान सर्पमित्र सूर्यकांत साहू ने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और उन्हें नुकसान न पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सांप पारिस्थितिक संतुलन के लिए जरूरी हैं और अज्ञानता में उन्हें मारना पर्यावरण के लिए हानिकारक है।


.jpg)
