देहरादून, 07 मार्च।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को हरिद्वार में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उनके स्वागत के लिए कार्यक्रम स्थल बैरागी कैंप सहित पूरे हरिद्वार शहर को सजाया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वे राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी और नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
इसके अलावा दोपहर करीब 2:30 बजे अमित शाह भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भी भाग लेंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय और भाजपा कोर कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे।



