नई दिल्ली, 26 फ़रवरी 2026।
बार काउंसिल ऑफ दिल्ली (बीसीडी) चुनाव की मतगणना अब 7 मार्च से शुरू होगी, जिसे पहले 26 फरवरी से शुरू किया जाना था। निर्वाचन अधिकारी सेवानिवृत्त जस्टिस तलवंत सिंह ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर जानकारी दी। बैलेट पेपर का आकार बड़ा होने और 221 उम्मीदवारों के चुनाव मैदान में होने के कारण मतगणना की व्यवस्था बदलनी पड़ी है।
नोटिफिकेशन के अनुसार पहले मतगणना के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय के एक्सटेंशन ब्लॉक को चुना गया था, लेकिन जगह की कमी के कारण अब स्थान बदला गया है। निर्वाचन अधिकारी ने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय से बड़ी जगह उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिसके बाद एस ब्लॉक लाउंज में मतगणना की अनुमति दी गई। अब एस ब्लॉक की सातवीं मंजिल पर मतगणना होगी, जबकि छठी मंजिल पर उम्मीदवार और उनके एजेंट स्क्रीन के माध्यम से मतगणना प्रक्रिया देख सकेंगे।
बीसीडी के तीन दिवसीय चुनाव 23 फरवरी को संपन्न हुए थे, जिसमें 57 हजार से अधिक वकीलों ने मतदान किया था। मतदान के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में 79 उम्मीदवारों को निलंबित किया गया था, बाद में अपील स्वीकार होने पर उनका निलंबन वापस ले लिया गया। इस चुनाव में 25 सदस्यीय बीसीडी के 23 सदस्यों का चयन होना है और कुल 221 उम्मीदवार मैदान में हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहली बार महिला उम्मीदवारों को 30 प्रतिशत आरक्षण भी दिया गया है।



