बीकानेर, 12 मार्च।
एकलव्य तीरंदाजी अकादमी में नए सत्र के साथ प्रशिक्षण प्रणाली को अधिक आधुनिक और वैज्ञानिक स्वरूप देने की तैयारी की गई है। अकादमी के अध्यक्ष और तीरंदाजी प्रशिक्षक अनिल जोशी ने बताया कि इस वर्ष खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरणों की सहायता से तीरंदाजी का अभ्यास कराया जाएगा, जिससे उनकी तकनीक और प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार हो सके।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेलों में केवल तकनीकी अभ्यास ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्पोर्ट्स साइंस की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण हो गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए अकादमी में खिलाड़ियों के लिए नियमित रूप से स्टूडेंट साइकोलॉजी, फिजियोथैरेपी और फिटनेस से जुड़े विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इन सत्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को मानसिक मजबूती, शारीरिक क्षमता और प्रतियोगिताओं के दबाव से निपटने की बेहतर तैयारी कराई जाएगी, जिससे वे प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
अनिल जोशी ने बताया कि अकादमी का नया प्रशिक्षण सत्र 23 मार्च से शुरू किया जाएगा। इस सत्र के लिए इंडियन रिकर्व और कंपाउंड श्रेणी में नए खिलाड़ियों से आवेदन भी आमंत्रित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अकादमी का मुख्य उद्देश्य बीकानेर क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।



