भोपाल, 09 मार्च।
जबलपुर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का बड़ा जुटान होने जा रहा है। पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत संभागीय भाजपा कार्यालय रानीताल में महत्वपूर्ण बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस आयोजन में प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे।
इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई मंत्री और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जबलपुर, रीवा, शहडोल और छिंदवाड़ा संभाग के 19 जिलों से लगभग 400 विषय विशेषज्ञ और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना, संगठनात्मक दक्षता बढ़ाना और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वैचारिक सत्र, संगठनात्मक चर्चाएं और प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली और विचारधारा की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:45 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:10 बजे रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे फिर डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 2:30 बजे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।
बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला भी भाग लेंगे। वे सुबह 10:30 बजे रीवा से जबलपुर पहुंचेंगे और 11 बजे प्रशिक्षण सत्र में वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
इसके अलावा परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी सुबह 10 बजे नरसिंहपुर से जबलपुर पहुंचकर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह भी प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित रहेंगी।
इस संभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और नेतृत्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।



