गुवाहाटी, 07 मार्च।
असम में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा को राज्यभर में अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है। इस अभियान से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भी बढ़ा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा शनिवार को गोलाघाट जिले के दौरे पर रवाना हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 7 मार्च को सरूपथार से यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद यह यात्रा गोलाघाट और खुमटाई से होते हुए देरगांव में समाप्त होगी।
मुख्यमंत्री इस दौरान गोलाघाट जिले के सरूपथार, गोलाघाट, खुमटाई और देरगांव विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जन आशीर्वाद यात्रा के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके साथ असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दिलीप सैकिया भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा द्वारा 28 फरवरी से शुरू की गई इस यात्रा के माध्यम से पार्टी जनता से समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त करने का प्रयास कर रही है।
पार्टी का कहना है कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं है, बल्कि राज्य में हुए विकास कार्यों के प्रति जनता के भरोसे और समर्थन को दर्शाने का भी माध्यम है। भाजपा के अनुसार मुख्यमंत्री सरमा के नेतृत्व में आधारभूत संरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्यों को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।



