नई दिल्ली, 26 फ़रवरी 2026।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इंटरपोल के माध्यम से वांछित आरोपित अनिल कुमार रेड्डी येद्दुला का संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से सफल प्रत्यर्पण कराया। आरोपित को गुरुवार को दुबई से हैदराबाद लाया गया, जहां उसे एयरपोर्ट पर आंध्र प्रदेश पुलिस के हवाले किया गया।
सीबीआई के अनुसार, अनिल कुमार रेड्डी येद्दुला आंध्र प्रदेश पुलिस का वांछित आरोपित है और उसके खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक धमकी के मामले दर्ज हैं। उसे दुबई पुलिस की टीम लेकर भारत आई थी। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसे आंध्र प्रदेश पुलिस के हवाले किया गया।
सीबीआई की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई ने विदेश मंत्रालय और अबू धाबी स्थित इंटरपोल इकाई के साथ मिलकर इस प्रत्यर्पण प्रक्रिया को पूरा किया। आंध्र प्रदेश पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने 5 सितंबर 2022 को इंटरपोल से रेड नोटिस जारी किया था।
महत्वपूर्ण यह है कि पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल के समन्वय से 130 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।



