भोपाल, 08 मार्च।
भारतीय क्रिकेट टीम के टी-20 विश्व कप विजेता बनने के बाद पूरे मध्य प्रदेश में उत्सव का माहौल देखने को मिला। राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और अन्य शहरों में क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए और जमकर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। लोगों ने तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए तथा ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते दिखाई दिए।
अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार और कुल तीसरी बार टी-20 विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। साथ ही यह पहली बार है जब किसी मेजबान टीम ने यह खिताब जीता है।
मध्य प्रदेश के कई शहरों में जीत की खुशी में देर रात तक उत्सव चलता रहा। इंदौर के प्रसिद्ध राजवाड़ा चौक पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते हुए जीत का जश्न मनाया। इस दौरान प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी वहां पहुंचे और लोगों के साथ तिरंगा लहराते हुए उत्सव में शामिल हुए। वे ढोल की थाप पर नाचते हुए भी नजर आए।
राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय टीम को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अनुशासन, मेहनत और देशभक्ति की भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। उनके अनुसार टीम इंडिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समर्पण और रणनीति से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
ग्वालियर में भी भारत की जीत के बाद शहर जगमगा उठा। कई स्थानों पर लोगों ने पटाखे जलाए और मिठाई बांटकर खुशी मनाई। होली के बीच शहर में दीपावली जैसा माहौल दिखाई दिया। लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर जश्न मनाते नजर आए।
इटारसी में भी भारत की जीत के साथ ही शहर में उत्साह की लहर दौड़ गई। जैसे ही मैच समाप्त हुआ, लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। कई स्थानों पर आतिशबाजी की गई और तिरंगा लहराते हुए टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया गया।
धार जिले के धामनोद में युवाओं ने अलग अंदाज में जश्न मनाया। यहां कार में बैंड बजाते हुए युवाओं ने चलती गाड़ी में नाचते-गाते हुए तिरंगा लहराया। ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ देर रात तक जश्न जारी रहा।
छिंदवाड़ा में भी युवाओं ने अनोखे तरीके से खुशी जाहिर की। कुछ युवाओं ने ट्रक के हॉर्न की आवाज को धुन बनाकर सड़क पर नृत्य किया और आसपास मौजूद लोग भी इस उत्सव में शामिल हो गए।
वहीं भोपाल में महाकाल भक्त मंडल द्वारा भी भारत की जीत पर विशेष आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों, गुलाल और आतिशबाजी के बीच लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की।
धार जिले के बाग क्षेत्र में महिलाओं ने भी सड़कों पर उतरकर तिरंगा लहराते हुए भारत की जीत का जश्न मनाया। पूरे प्रदेश में टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल बना हुआ है।




