बलरामपुर, 11 मार्च।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत बलरामपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिले में चल रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करेंगे। साथ ही वे प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम भी करेंगे और अगले दिन गुरुवार को मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना के बाद यहां से प्रस्थान करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री बुधवार अपराह्न 3:45 बजे मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां 3:45 से 4:00 बजे तक निर्माणाधीन विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। इसके पश्चात शाम 4:00 बजे विश्वविद्यालय परिसर से रवाना होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री 4:05 बजे मेडिकल कॉलेज एवं संयुक्त चिकित्सालय पहुंचेंगे, जहां 4:05 से 4:20 बजे तक वे मेडिकल कॉलेज तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके उपरांत 4:20 बजे वहां से प्रस्थान कर 4:25 बजे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचेंगे।
कलेक्ट्रेट में 4:30 से 5:20 बजे तक मुख्यमंत्री जिले में संचालित विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे और उनसे आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त करेंगे।
समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री 5:20 बजे कलेक्ट्रेट से रवाना होकर 5:30 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से 5:35 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर के माध्यम से प्रस्थान कर 5:45 बजे तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी विद्यालय के हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद 5:50 बजे वाहन से देवीपाटन मंदिर के लिए रवाना होंगे और 5:55 बजे मंदिर परिसर पहुंच जाएंगे।
मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम देवीपाटन मंदिर परिसर में निर्धारित है। अगले दिन 12 मार्च, गुरुवार को प्रातः मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना करने के पश्चात सुबह 9:30 बजे मंदिर से हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और 9:35 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो जाएंगे।



