सीकर, 27 फरवरी।
सीकर जिले के खाटू में फाल्गुन मेले के प्रमुख दिन बाबा खाटूश्याम 125 किलो चांदी से निर्मित भव्य रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बने इस रथ के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े। रथयात्रा के दौरान पूरा नगर जयकारों से गूंजता रहा।
फाल्गुनी एकादशी पर निकलने वाली यह परंपरागत रथयात्रा सदियों पुरानी मानी जाती है। मान्यता है कि जो भक्त भीड़ के कारण मंदिर में दर्शन नहीं कर पाते, उन्हें बाबा स्वयं नगर भ्रमण कर दर्शन देते हैं। सुबह मंदिर परिसर से रवाना हुआ रथ विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचा।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप फल और चॉकलेट वितरित किए गए। बाबा का रथ खींचने और दर्शन पाने को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह दिखा। चंग की धुन और गुलाल के साथ श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात रहा।
21 फरवरी से शुरू हुए फाल्गुन मेले का समापन 28 फरवरी को होगा। मंदिर कमेटी के अनुसार चंद्रग्रहण के चलते 3 मार्च को मंदिर में दर्शन बंद रहेंगे, जबकि 5 मार्च को विशेष पूजा के बाद पुनः दर्शन प्रारंभ होंगे।



