लखीमपुर खीरी, 27 फरवरी।
जनपद के कैंसर रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। कैंसर निदान, उच्चीकृत उपचार और संदर्भन सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय मोतीपुर ओयल में डे-केयर कैंसर सेंटर की स्थापना की जा रही है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और शीघ्र ही यह सुविधा मरीजों को उपलब्ध होने लगेगी।
जिला चिकित्सालय मोतीपुर ओयल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके कोली ने शुक्रवार को सेंटर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर यह केंद्र स्थापित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता द्वारा गैर संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत एक टीम भी भेजी गई थी, जिसमें महामारी विशेषज्ञ डॉ. राकेश गुप्ता ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक चरण में यह केंद्र छह शैय्या का होगा। यहां कैंसर रोगियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कीमोथेरेपी, बायोप्सी जांच सहित अन्य आवश्यक सेवाएं यहीं मिलेंगी। शासन के निर्देश पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि इस सेंटर के शुरू होने से गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को समय पर उपचार, कम खर्च और बेहतर सुविधा अपने ही जिले में मिलेगी। अब तक मरीजों को उपचार के लिए लखनऊ और दिल्ली जाना पड़ता था।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि केंद्र के सुचारु संचालन के लिए चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। शासन स्तर से डॉ. शिशिर पांडे, डॉ. विवेक यादव और डॉ. रचित मिश्रा को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही स्टाफ नर्स नीरज कुमार, सर्वेश कुमार और वर्षा सिंह को भी राज्य स्तर पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होते ही सेवाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी।
डे-केयर कैंसर सेंटर में प्रारंभिक जांच, कीमोथेरेपी, बेहोशी की दवा देकर की जाने वाली जांचें, बायोप्सी, छोटे ट्यूमर की शल्य चिकित्सा की तैयारी एवं संदर्भन, फॉलोअप सेवाएं, परामर्श, दर्द प्रबंधन और आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक चरण के कैंसर मरीजों को यहां आवश्यक परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी। नई व्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। अस्पताल में आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था कर ली गई है।



