हैदराबाद, 28 फरवरी।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ विश्व कप 2026 के क्वालीफायर मुकाबलों में भाग लेने के लिए इंग्लैंड की महिला हॉकी टीम हैदराबाद पहुंच गई है। तेलंगाना की राजधानी में 8 से 14 मार्च तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में आठ देश विश्व कप में जगह पक्की करने के लिए जोर आजमाइश करेंगे।
इंग्लैंड की टीम अनुभवी और मजबूत इतिहास के साथ मैदान में उतरेगी। वह अब तक 11 विश्व कप संस्करणों में भाग ले चुकी है। आगामी विश्व कप बेल्जियम और नीदरलैंड्स में आयोजित होना है और इंग्लैंड की नजर शीर्ष तीन स्थानों में शामिल होकर टिकट हासिल करने पर है। वर्ष 2010 में टीम ने कांस्य पदक जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।
कप्तान फ्लोरा पील ने आगमन के बाद कहा कि इंग्लैंड में हुआ प्रशिक्षण शिविर टीम के लिए बेहद उपयोगी रहा। चीन में प्रो लीग के दौरान खेले गए मुकाबलों ने भी खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक लय दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि टीम पूरी तैयारी के साथ उतर रही है।
लिली वॉकर ने भारतीय परिस्थितियों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि टीम के कई खिलाड़ी पहले भी भारत में खेल चुके हैं, जिससे यहां के माहौल को समझने में आसानी होगी। गर्म मौसम के अनुकूल होने के लिए खिलाड़ियों ने विशेष अभ्यास के साथ सॉना सत्र भी किए हैं।
इंग्लैंड को पूल-ए में इटली, कोरिया गणराज्य और ऑस्ट्रिया जैसी टीमों से कड़ी चुनौती मिलेगी। टीम 8 मार्च को इटली के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, इसके बाद 9 मार्च को कोरिया गणराज्य और 11 मार्च को ऑस्ट्रिया से मुकाबला करेगी।



