कोलकाता, 07 मार्च।
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति को अपने दिव्यांग बेटे की हत्या करने और शव को तालाब किनारे दफनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला मेमारी थाना क्षेत्र के मंडल ग्राम का है। आरोपित की पहचान सोनालाल मांडी के रूप में हुई है, जिसे शुक्रवार रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया है कि उसका बेटा सूर्य मांडी जन्म से ही दृष्टिहीन था और उसके हाथ-पैर भी सामान्य रूप से काम नहीं करते थे। बच्चे की इस स्थिति के कारण परिवार को उसकी देखभाल में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार बच्चे के जन्म के कुछ महीनों बाद ही उसकी मां उसे और उसके पिता को छोड़कर चली गई थी। कुछ समय तक बच्चे की देखभाल उसकी नानी ने की, लेकिन नानी की मृत्यु के बाद उसकी जिम्मेदारी दादी पर आ गई।
पुलिस का कहना है कि इसके बाद से ही आरोपित पिता अपने बेटे को बोझ समझने लगा था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि उसने पहले बच्चे को अनाथालय भेजने का भी प्रयास किया था, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली।
जांच के मुताबिक बुधवार को सोनालाल मांडी अपने बेटे को मेमारी के बरापलाशन क्षेत्र स्थित कालदिघी तालाब के पास ले गया, जहां उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को तालाब किनारे मिट्टी में दबा दिया।
हालांकि अगले दिन तालाब का पानी बढ़ने से मिट्टी बह गई और शव बाहर आ गया। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बर्धमान मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



