पश्चिमी सिंहभूम, 07 मार्च।
जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत टुंगरी की न्यू कॉलोनी में स्थित डॉ. ओम कुमारी नर्सिंग होम के पास शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि दमकल की टीम के समय पर पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। इस आग की चपेट में वहां रखा एक सीमेंट मिक्सर मशीन भी आ गया, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
देर रात अचानक उठती तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में घबराहट फैल गई, क्योंकि यह क्षेत्र घनी आबादी वाला आवासीय इलाका है।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने समाजसेवी त्रिशानु राय को दी। जानकारी मिलते ही उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम के फायर ऑफिसर को फोन कर तुरंत दमकल भेजने का अनुरोध किया।
सूचना मिलते ही चाईबासा अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। घटनास्थल पर सूखे पत्तों का ढेर होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
आखिरकार दमकल टीम ने काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के घर सुरक्षित बच गए।



