सिलीगुड़ी, 26 फ़रवरी 2026।
दार्जिलिंग वाइल्डलाइफ डिवीजन की सुकना रेंज टीम ने प्रधाननगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर करीब छह लाख रुपये मूल्य की लकड़ी और फर्नीचर बरामद किए। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वन विभाग के अनुसार सुकना रेंज के अधिकारी को सूचना मिली थी कि सालबाड़ी क्षेत्र के कुछ घरों में अवैध रूप से लकड़ी जमा कर फर्नीचर तैयार किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर बुधवार रात टीम ने सालबाड़ी निवासी मानिक विश्वास और भजन राय के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में सागौन लकड़ी और महंगे फर्नीचर बरामद किए गए, जिनकी बाजार कीमत लगभग छह लाख रुपये आंकी गई है। जब्त सामग्री को वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तस्करी गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान और लकड़ी के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है। रेंज ऑफिसर ने कहा कि जंगल की बहुमूल्य संपदा की चोरी और तस्करी रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे। मामले में वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



