सीवान, 26 फरवरी।
महिला एवं बाल विकास निगम, सीवान के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय, बसंतपुर टाइप–1 और टाइप–4 में किशोरियों के लिए माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान उन्हें माहवारी स्वच्छता, ‘गुड टच–बैड टच’, पोक्सो अधिनियम, तथा आपातकालीन हेल्पलाइन जैसे 181, 1098 और 112 के प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही सामाजिक कुरीतियों, बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मरक्षा के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई। छात्राओं को सुरक्षित और स्वच्छ तरीके अपनाने के लिए एमएचएम किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक अजय कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुषमा भलेरिय टोप्पो, विद्यालय के शिक्षक और अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने छात्राओं को किसी भी समस्या में हेल्पलाइन सेवाओं का निसंकोच उपयोग करने और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया।



