नई दिल्ली, 25 फरवरी।
कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में आयोजित पहले एडीसीए टी20 अंतरराष्ट्रीय एशिया कप 2026 का समापन बुधवार को भव्य अंदाज में हुआ। भारतीय बधिर क्रिकेट टीम ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 6 विकेट से पराजित कर इतिहास रच दिया।
यह प्रतियोगिता भारतीय बधिर क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें ओडिशा की राज्य क्रिकेट इकाइयों का सहयोग प्राप्त हुआ। एशिया कप के इस प्रथम संस्करण को बधिर क्रिकेट के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
समापन समारोह में कटक के जिलाधिकारी एवं कलेक्टर दत्तात्रय भाऊसाहेब शिंदे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर संजय राउल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत श्रीलंका के विरुद्ध 4 विकेट की जीत के साथ की। इसके बाद नेपाल को 10 विकेट से हराकर एकतरफा विजय दर्ज की। लीग चरण में श्रीलंका ने नेपाल को 6 विकेट से पराजित किया और पुनर्मुकाबले में 157 रन की बड़ी जीत हासिल की।
भारत ने श्रीलंका के खिलाफ एक बेहद रोमांचक मुकाबले में 1 रन से जीत दर्ज की, जबकि नेपाल को 9 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित किया।
खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने संयम, आत्मविश्वास और संतुलित खेल का परिचय देते हुए श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने पहले एडीसीए टी20 अंतरराष्ट्रीय एशिया कप का खिताब अपने नाम किया और एशियाई बधिर क्रिकेट में अपनी मजबूत दावेदारी स्थापित की।



