मुंबई, 24 फरवरी।
भारत में पेशेवर स्क्वैश को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से इंडियन ओपन स्क्वैश 2026 की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 18 से 22 मार्च तक मुंबई के ऐतिहासिक सीसीआई ब्रेबोर्न स्टेडियम में आयोजित होगा।
पिछले वर्ष प्रतियोगिता का सफल आयोजन बॉम्बे जिमखाना में किया गया था। अब इसका दूसरा संस्करण ब्रेबोर्न स्टेडियम में होगा। प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (पीएसए) से मान्यता प्राप्त इस टूर्नामेंट का 2025 संस्करण पीएसए के शीर्ष 10 प्रतिष्ठित आयोजनों में शामिल रहा था, जो भारतीय स्क्वैश के लिए बड़ी उपलब्धि मानी गई।
2026 संस्करण में महिला वर्ग की गत चैंपियन अनाहत सिंह खिताब बचाने के इरादे से उतरेंगी। वहीं भारत के शीर्ष खिलाड़ी रमित टंडन, अभय सिंह, वीर चोत्रानी, वेलावन सेंथिलकुमार और जोशना चिनप्पा भी भाग लेंगे।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में याह्या एलनवसानी, हाना मोआताज़ और माजेन हेशाम शामिल हैं, जिससे मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है।
इस बार पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 44,500 अमेरिकी डॉलर की समान पुरस्कार राशि दी जाएगी। भारत में आयोजित किसी स्क्वैश टूर्नामेंट में यह पहली बार होगा। पीएसए कॉपर श्रेणी के इस आयोजन से इसकी बढ़ती प्रतिष्ठा झलकती है।
जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिव्यांशु सिंह ने कहा कि पिछले संस्करण को मिली शानदार प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है। 2028 में लॉस एंजेलिस ओलंपिक खेल 2028 में स्क्वैश के शामिल होने के मद्देनजर भारत के लिए यह महत्वपूर्ण समय है।
इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट की अध्यक्ष मनीषा मल्होत्रा ने कहा कि यह टूर्नामेंट उभरते खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का बड़ा मंच है।
वहीं स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव साइरस पोंचा ने कहा कि जेएसडब्ल्यू इंडियन ओपन तेजी से पीएसए कैलेंडर का अहम हिस्सा बनता जा रहा है।
टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले फुल ग्लास कोर्ट पर एरीना शैली में खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों का नजदीकी अनुभव मिलेगा।



