07 मार्च, सीवान।
रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए शनिवार को सीवान जंक्शन में स्वान दस्ता के साथ सघन चेकिंग अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान स्वान दस्ता के स्वान ‘रैंबो’ की मदद से स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की गई। अभियान का संचालन उप निरीक्षक जयेंद्र कुमार मिश्रा और उनके स्टाफ ने किया, जबकि स्वान दस्ता विभाग छपरा के सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव अपने दल और स्वान ‘रैंबो’ के साथ शामिल रहे।
जांच के दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग काउंटर, पार्सल कार्यालय, फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। स्वान की मदद से प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों, यात्रियों के सामान और लावारिस बैग की भी सावधानीपूर्वक जांच की गई।
सुरक्षा के प्रति यात्रियों को जागरूक किया गया और उन्हें कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को दें। अभियान के दौरान यात्रियों और दुकानदारों से पूछताछ भी की गई।
अंत में स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। अभियान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।



