नई दिल्ली, 07 मार्च।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की जन औषधि परियोजना ‘स्वस्थ भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह योजना खासतौर पर मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने का माध्यम बन रही है।
मुख्यमंत्री ने जन औषधि दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति जरूरी इलाज से वंचित न रह जाए। स्वास्थ्य सेवाओं को किफायती और सभी के लिए सुलभ बनाना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में वर्तमान में 620 से अधिक जन औषधि केंद्र संचालित हो रहे हैं, जो लाखों परिवारों के लिए सहारा बने हुए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को बीमारियों से लड़ने में मदद मिल रही है और उनकी आर्थिक बचत भी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में इस तरह की पहल समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



