नवादा, 06 फरवरी।
बिहार के नवादा जिले में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री शिल्पी सोनी राज की उनके सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उन्हें अचेत अवस्था में नवादा के धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
न्यायाधीश के कर्मचारियों के अनुसार, सुबह जब उनके आवास में प्रवेश किया गया तो वह सोफे पर झुकी हुई अवस्था में बेहोश पाई गईं। तत्काल उन्हें इलाज के लिए निजी धर्मशिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया इस मौत को संदिग्ध माना जा रहा है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की मौत की खबर मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान स्वयं धर्मशिला अस्पताल पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम से जांच शुरू करा दी गई है और न्यायाधीश के आवास को सील कर सुरक्षित कर लिया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, न्यायाधीश शिल्पी सोनी राज का पोस्टमार्टम पटना में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में कराया जाएगा, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। बताया गया है कि न्यायाधीश तीन बहनों और दो भाइयों में से एक थीं। उनकी एक बहन पटना से नवादा के लिए रवाना हो चुकी हैं।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अचानक मौत की खबर पूरे नवादा में तेजी से फैल गई। धर्मशिला अस्पताल परिसर में सैकड़ों अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक एकत्र हो गए हैं। सभी लोग इस बात का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि आखिर इस रहस्यमय मौत की वजह क्या है। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



