झांसी,13 मार्च।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पीडीए का नया राजनीतिक अर्थ बताते हुए कहा कि इसका मतलब “डिम्पल-अखिलेश की शक्ति” है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता वैश्विक परिस्थितियों के बीच भी जनता को भड़काने और देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
गुरुवार देर रात उज्जैन में महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद झांसी के सर्किट हाउस पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात के बावजूद विपक्षी नेता राजनीतिक लाभ लेने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन उनका यह प्रयास सफल नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व में तेजी से उभरती हुई शक्ति बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रभावी विदेश नीति का ही परिणाम है कि वैश्विक तनाव के बावजूद भारत अपने हितों की रक्षा करने में सक्षम है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भारत का जहाज सुरक्षित रूप से मुंबई पहुंचना देश की मजबूत कूटनीति का संकेत है।
उप मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि देश और प्रदेश में घरेलू गैस, कच्चे तेल या अन्य आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति को लेकर कोई बड़ी समस्या नहीं आएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सरकार के प्रयासों पर विश्वास रखें और संयम बनाए रखें।
अखिलेश यादव के शंकराचार्य से मुलाकात से जुड़े सवाल पर मौर्य ने कहा कि जो लोग पहले रामभक्तों और शिवभक्तों के खिलाफ रहे हैं, उन्हें अब सनातन की बात करना शोभा नहीं देता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होने के कारण अब उन्हें पीडीए और अन्य सामाजिक समीकरणों की याद आ रही है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाएगी और समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन पहले से भी कमजोर रहेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में भी भारतीय जनता पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।



