भोपाल, 20 फरवरी (हि.स.)।
यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल मध्य प्रदेश के खजुराहो में आज शुक्रवार से सात दिवसीय 52वां अंतरराष्ट्रीय नृत्य समारोह शुरू हो रहा है। शाम 6:30 बजे शुरू होने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार भारतीय शास्त्रीय नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि इस वर्ष समारोह “नटराज” थीम पर केंद्रित है, जो नृत्य, लय और सृजन का प्रतीक है। महोत्सव में भरतनाट्यम, कथक, ओडिसी, कुचिपुड़ी, मणिपुरी, मोहिनीअट्टम, कथकली, छाऊ और सत्रिया जैसी प्रमुख शास्त्रीय शैलियों की प्रस्तुतियां दी जाएँगी। 7 दिन के इस आयोजन में 7 पद्मश्री एवं 6 संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार विजेता कलाकार अपने कला प्रदर्शन देंगे।
कार्यक्रम में 10 से 16 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकारों को “राष्ट्रीय बाल नृत्य महोत्सव–2026” के माध्यम से मंच दिया गया है। वरिष्ठ कला गुरुओं द्वारा चयनित 31 प्रतिभाशाली बाल कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।
सात दिवसीय महोत्सव में खजुराहो कार्निवाल, ‘नटराज’ प्रदर्शनी में 50 नृत्यरूपों का प्रदर्शन, कलावार्ता, आर्ट-मार्ट, पारंपरिक शिल्प निर्माण प्रदर्शन और देशज व्यंजन जैसे आकर्षक कार्यक्रम भी होंगे। पर्यटकों के लिए ई–बाइक टूर, नेचर वॉक, हॉट एयर बैलून, वॉटर स्पोर्ट्स और गाँव भ्रमण जैसी रोमांचकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया है।
मुख्य प्रस्तुतियाँ (समय: शाम 6:30 बजे):
-
20 फरवरी: पद्मश्री ममता शंकर (कथक), अनुराधा वेंकटरमन (भरतनाट्यम), शुभदा वराडकर (ओडिसी)
-
21 फरवरी: विश्वदीप (कथक), अक्मादल काईनारोवा (भरतनाट्यम), प्रभात मेहतो (छाऊ)
-
22 फरवरी: थोकचोम इवेमुबि देवी (मणिपुरी), दुर्गाचरण रनवीर (ओडिसी), सत्रिया केन्द्र समूह
-
23 फरवरी: नव्या नायर (भरतनाट्यम), कोट्टक्कल नंदकुमार नायर (कथकली), पद्मजा रेड्डी (कुचिपुड़ी)
-
24 फरवरी: शिंजनी कुलकर्णी (कथक), इलियाना सिटर (ओडिसी), क्षमावेती (मोहिनीअट्टम)
-
25 फरवरी: शाश्वती सेन (कथक), मोहंती (ओडिसी), नयनसखी देवी (मणिपुरी), खुशबू पांचाल (कथक समूह)
-
26 फरवरी: सुनयना हजारीलाल (कथक), प्रतिभा प्रहलाद (भरतनाट्यम), भावना रेड्डी (कुचिपुड़ी), प्रभुतोष पाण्डा (ओडिसी)



