कोलकाता, 14 मार्च।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सत्र से पहले अपनी नई टीम जर्सी का अनावरण कर दिया है। तीन बार की चैंपियन केकेआर की इस जर्सी को “लाइंस ऑफ लेगेसी” थीम के आधार पर तैयार किया गया है, जिसमें टीम के इतिहास के कई यादगार पलों को खास तरीके से उकेरा गया है। जर्सी का स्वरूप टीम के पारंपरिक बैंगनी और सुनहरे रंगों में रखा गया है, जो लंबे समय से केकेआर की पहचान बने हुए हैं।
नई जर्सी के डिजाइन में टीम की ऐतिहासिक उपलब्धियों को रेखाओं के माध्यम से दर्शाया गया है। इन रेखाओं में कई महत्वपूर्ण क्षणों की झलक दिखाई देती है। इनमें ब्रेंडन मैकुलम द्वारा वर्ष 2008 में खेली गई 158 रन की ऐतिहासिक पारी और रिंकू सिंह द्वारा एक मुकाबले के अंतिम ओवर में लगाए गए लगातार पांच छक्कों जैसे अविस्मरणीय पल शामिल हैं। इन सभी पलों को रेखाओं के रूप में जोड़कर एक अमूर्त कला शैली में “केकेआर” अक्षरों का निर्माण किया गया है। इस विशिष्ट डिजाइन के जरिए प्रशंसक अब अपनी पसंदीदा टीम के गौरवपूर्ण इतिहास को जर्सी के रूप में धारण कर सकेंगे।
जर्सी के अनावरण के अवसर पर नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने कहा कि “लाइंस ऑफ लेगेसी” के माध्यम से टीम की शानदार यात्रा और उसकी समृद्ध विरासत को अभिव्यक्त करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जर्सी में मौजूद हर रेखा टीम के किसी खास और गौरवपूर्ण पल का प्रतीक है, जिन्होंने मिलकर केकेआर की अलग पहचान बनाई है। उन्होंने आशा जताई कि आने वाले सत्र में टीम इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए नए ऐतिहासिक क्षण भी जोड़ेगी।
नई जर्सी को प्रस्तुत करने के लिए सोशल मीडिया पर एक विशेष रचनात्मक अभियान भी चलाया गया। इस अभियान का समापन एक वीडियो फिल्म के साथ किया गया, जिसमें अभिनेता रजत बेदी और कॉमेडियन अनिर्बान दासगुप्ता के साथ कोलकाता के कई प्रसिद्ध कंटेंट क्रिएटर्स नजर आए।
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य विपणन अधिकारी बिंदा डे ने बताया कि “क्या लाइन है?” अभियान के माध्यम से टीम की विरासत और उससे जुड़े यादगार पलों को रोचक और मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है, ताकि प्रशंसक भी इस कहानी से भावनात्मक रूप से जुड़ सकें।



