आगरमालवा, 07 मार्च।
मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के सुसनेर स्थित नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए कार्यालय के एक हिस्से तक पहुंच गई, जिससे वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया गया कि डाक बंगला रोड स्थित नगर परिषद परिसर से देर रात धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत कर्मचारियों और अधिकारियों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में आग की लपटें दूर से दिखाई देने लगीं।
सूचना मिलते ही नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे यह पूरे कार्यालय परिसर में फैलने से बच गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के कारण और हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



