कटनी, 26 फरवरी।
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ गुरुवार को लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने जिला पंचायत कार्यालय की स्थापना शाखा में पदस्थ लेखपाल सत्येंद्र सोनी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
शिकायतकर्ता ग्राम सचिव आशीष कुमार दुबे ने आरोप लगाया कि निलंबन के बाद बहाली के लिए फाइल आगे बढ़ाने के एवज में आरोपी ने 50 हजार रुपये कीमत का वीवो प्रो 70 मोबाइल फोन मांगा था। असमर्थता जताने पर किस्तों में राशि लेने की बात तय हुई। पहली किस्त के रूप में पांच हजार रुपये देने की सहमति बनी।
बताया गया कि वर्ष 2024 में ग्राम पंचायत बसाड़ी में पदस्थ रहते हुए आशीष दुबे पर लोकायुक्त की कार्रवाई हुई थी, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। बहाली के लिए उन्होंने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। न्यायालय ने 30 दिनों में प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए थे, लेकिन फाइल लंबित रही।

23 फरवरी को शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को आरोपी को रिश्वत की राशि लेते ही पकड़ लिया।
उल्लेखनीय है कि नौ दिनों में जिले में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 17 फरवरी को जल संसाधन विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री वी.ए. सिद्दीकी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही कार्रवाइयों से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप है।


