खैरथल-तिजारा, 25 फरवरी।
होली से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने लगभग 180 किलो मिलावटी और सिंथेटिक पनीर नष्ट कराया। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर डॉ. टी शुभमंगला के निर्देश पर 24 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि मेवात क्षेत्र से मिलावटी पनीर 170 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर सुबह 6 बजे किशनगढ़ सर्किल पर एक कार को रोका गया, जिसमें पांच पेटियों में लगभग 180 किलो सिंथेटिक पनीर मिला।
मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से मौके पर जांच की गई, जबकि पनीर के सैंपल लैब में भेजे गए। शेष खराब पनीर को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जिला प्रशासन ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।



