सिंगापुर, 26 फ़रवरी।
भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों मनुष शाह और मानव ठक्कर की जोड़ी ने सिंगापुर स्मैश में इतिहास रचते हुए पुरुष युगल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह पहली भारतीय पुरुष युगल जोड़ी है, जिसने विश्व टेबल टेनिस के ग्रैंड स्मैश स्तर की प्रतियोगिता में सेमीफाइनल तक की यात्रा पूरी की।
छठी वरीयता प्राप्त मनुष–मानव की जोड़ी ने बेल्जियम के मार्टिन एलेग्रो और एड्रियन रासेनफॉसे को सीधे गेमों में 3-0 (11-8, 11-9, 11-9) से हराया। यह मुकाबला 27 मिनट तक चला। भारतीय जोड़ी ने बेल्जियम के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 2-0 कर लिया है। उल्लेखनीय है कि बेल्जियम की जोड़ी ने क्वार्टरफाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को हराकर अपनी जगह बनाई थी।
सेमीफाइनल में मनुष–मानव का सामना फ्रांस के चौथी वरीयता प्राप्त भाईयों फेलिक्स लेब्रून और एलेक्सिस लेब्रून से शुक्रवार को होगा।
दिन के पहले सत्र में मिश्रित युगल वर्ग में मनुष शाह और दिया चिताले की छठी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी का सफर क्वार्टरफाइनल में समाप्त हो गया। उन्हें ब्राजील के तीसरी वरीयता प्राप्त ह्यूगो काल्डेरानो और ब्रूना ताकाहाशी की जोड़ी ने 3-0 (11-6, 11-9, 11-5) से हराया।



