लॉस एंजिलिस, 24 फरवरी।
मुक्केबाजी के दिग्गज फ्लॉयड मेवेदर जूनियर और मैनी पैकियाओ ने अपने चर्चित 2015 मुकाबले का रीमैच खेलने पर सहमति जताई है। दोनों खिलाड़ी 19 सितंबर को लास वेगास में आमने-सामने होंगे। यह ऐतिहासिक मुकाबला लास वेगास के अत्याधुनिक स्फीयर वेन्यू में आयोजित किया जाएगा और इसका सीधा प्रसारण नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा।
करीब 49 वर्षीय मेवेदर ने नौ साल के संन्यास के बाद रिंग में वापसी की घोषणा की है, जबकि 47 वर्षीय पैकियाओ भी चार साल बाद दोबारा मुकाबले के लिए तैयार हैं। हालांकि अभी तक रीमैच के लिए वजन वर्ग और राउंड की संख्या की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
दोनों मुक्केबाजों के बीच 2015 में हुए पहले मुकाबले में मेवेदर ने निर्णायक जीत दर्ज की थी, लेकिन वह मुकाबला लंबे समय तक बनी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। हालांकि कमाई के मामले में इस मुकाबले ने पे-पर-व्यू के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे और दुनियाभर में चर्चा बटोरी थी।
मेवेदर ने कहा कि परिणाम पहले जैसा ही रहेगा, जबकि पैकियाओ ने दावा किया कि पिछली बार वह चोट के बावजूद लड़े थे और इस बार प्रशंसकों को बेहतर प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
हालांकि दोनों खिलाड़ी अपने करियर के शिखर से आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन लोकप्रियता के मामले में आज भी दुनिया के सबसे बड़े नामों में गिने जाते हैं। ऐसे में सितंबर में होने वाला यह रीमैच बॉक्सिंग जगत की सबसे बहुप्रतीक्षित भिड़ंतों में शामिल हो गया है।



