यमुनानगर, 23 फरवरी।
किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी फसलों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र सलारू की ओर से पांच दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। यह कार्यक्रम एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र दामला में आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र में सहायक निदेशक डॉ. सुधीर कुमार और तकनीकी अधिकारी विमलेश कुमार ने किसानों को प्याज और लहसुन की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक और गुणवत्ता प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खेती से उत्पादन लागत कम और आय में वृद्धि संभव है।
मुख्य अतिथि उप निदेशक कृषि आदित्य प्रताप डबास ने किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की सलाह दी। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. विरेन्द्र पुनिया ने केंद्र और राज्य सरकार की अनुदान योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संदीप रावल ने कहा कि वैज्ञानिक खेती अपनाकर किसानों की आय को स्थायी रूप से बढ़ाया जा सकता है। तकनीकी सत्र में डॉ. चन्दन तिवारी ने प्याज की उन्नत प्रजातियों, कीट नियंत्रण, खरपतवार प्रबंधन और भंडारण तकनीकों पर जानकारी दी।



