07 मार्च, तिनसुकिया।
उपरी असम के तिनसुकिया जिले के ब्रह्मजान चाय बागान इलाके में बीती रात जंगली हाथियों के हमले में एक महिला और उनके पुत्र की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हाथियों के झुंड ने देर रात चाय बागान में प्रवेश कर एक घर पर हमला किया।
घटना दुमदुमा फॉरेस्ट डिवीजन के पेंगरी इलाके में हुई। हाथियों का झुंड श्रमिकों के लाइन में घुस गया और वहां रहने वालों में दहशत फैल गई। हमले में बुधन रौतिया (50) और उनकी मां अनीता रौतिया (70) की मौत हो गई। दोनों को उनके घर के भीतर ही हाथियों ने कुचल दिया।
बताया गया है कि हाथियों ने चाय बागान इलाके में भोजन की तलाश में रात के समय प्रवेश किया और घरों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने कहा कि हाथी कई दिनों से इलाके में घूम रहे थे, जिससे गांव और बागान के श्रमिक भयभीत थे।
लोगों का आरोप है कि उनके बार-बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग इंसान-हाथी टकराव रोकने में प्रभावी कदम नहीं उठा सका। पेंगरी में खटांगपानी फॉरेस्ट रेंज सहित कई इलाकों में ऐसे घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।


