रायपुर, 25 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर क्षेत्र में सक्रिय नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। कांकेर जिले के घोर नक्सल प्रभावित छोटेबेठिया इलाके के बीएसएफ कैंप में नक्सली संगठन के डिवीजनल कमेटी मेंबर (डीवीसीएम) मल्लेश ने एके-47 असॉल्ट राइफल के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटना से सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभाव पड़ने की उम्मीद जताई है।
कांकेर पुलिस और बीएसएफ अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मल्लेश को शासन की पुनर्वास नीति के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभ दिया जाएगा। सुरक्षा बलों का मानना है कि इस आत्मसमर्पण से क्षेत्र में नक्सलियों के प्रभाव को कमजोर करने में मदद मिलेगी। मल्लेश लंबे समय से नक्सली संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था और दंडकारण्य क्षेत्र में उसकी गतिविधियां केंद्रित थीं। पुलिस और सुरक्षा बल लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
बताया गया कि स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मल्लेश बीएसएफ कैंप पहुंचा और ग्रामीणों की मौजूदगी में उसने अपना हथियार डालकर आत्मसमर्पण किया।



