काठमांडू 24 फरवरी 2026।
फेयरफैक्स काउंटी में पत्नी, बेटी और दामाद की हत्या करने वाले नेपाली नागरिक को अमेरिकी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी की पहचान छत्रबहादुर थापा के रूप में हुई है, जिस पर अपनी पत्नी, बेटी और दामाद पर चाकू से हमला करने का आरोप था।
मैन्टुआ इलाके के पास स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले थापा पर आरोप है कि उसने सोमवार सुबह लगभग 5 बजे अपनी 51 वर्षीय पत्नी बिंदा थापा, 31 वर्षीय पुत्री ममता थापा और 35 वर्षीय दामाद संतोष कुमार थापा पर चाकू से हमला किया। बाद में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
केविन डेविस के अनुसार, जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो थापा अपने ससुर पर धारदार हथियार से हमला कर रहा था। पुलिस ने उसे हथियार फेंकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने आदेश नहीं माना, जिसके बाद एक पुलिस अधिकारी ने गोली चला दी और वह घटनास्थल पर ही मारा गया।
पुलिस के अनुसार घर के भीतर मौजूद एक वर्ष का बच्चा सुरक्षित पाया गया, जिसे बाल संरक्षण सेवाओं को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में परिवार के खिलाफ कोई पूर्व पुलिस शिकायत या आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है और घटना के कारणों की जांच जारी है।



