काठमांडू, 02 मार्च 2026
ईरानी हमले में संयुक्त अरब अमीरात में मारे गए नेपाली नागरिक की पहचान हो गई है। वह एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। अब उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द स्वदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नेपाली दूतावास के अनुसार गोरखा निवासी 29 वर्षीय श्रेष्ठ मिडिल ईस्ट की एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड थे। अबु धाबी स्थित जायेद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर ड्रोन को निष्क्रिय करने के दौरान उनकी मृत्यु हुई। दूतावास ने कहा है कि पार्थिव शरीर को शीघ्र स्वदेश भेजने सहित सभी औपचारिक प्रक्रियाओं में समन्वय किया जा रहा है। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए दूतावास ने यूएई में रह रहे नेपाली नागरिकों से शांत रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मृतक नेपाली नागरिक के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है और दूतावास की टीम लगातार परिजनों से संपर्क बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार स्वदेश वापसी की प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत पूरी की जाएगी। इस घटना से नेपाल में शोक का माहौल है और परिजनों में गहरा दुख व्याप्त है।



