इंदौर, 16 मार्च।
इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) की ओर से आयोजित 7वीं वनडे नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप का रविवार को इंदौर में समापन हो गया। रोमांचक मुकाबलों से भरे इस टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि साउथ जोन की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में देश के पांच जोन की डेफ पुरुष टीमों ने भाग लिया।
फाइनल मुकाबले में नॉर्थ जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 24.1 ओवर में 120 रन बनाए। टीम की ओर से कुलदीप सिंह ने 31 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं साउथ जोन के गेंदबाज यशवंत नायडू ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और विरोधी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ जोन की टीम ने 25.5 ओवर में छह विकेट खोकर 127 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में वैभव ने 42 रन की अहम पारी खेली, जबकि रोहित सैनी ने गेंदबाजी में पांच विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया।
अन्य मुकाबलों में सेंट्रल जोन ने ईस्ट जोन को 55 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल जोन ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। इस दौरान विराज कोल्टे ने 30 गेंदों में तेज़तर्रार 50 रन की पारी खेली। जवाब में ईस्ट जोन की टीम 18.1 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। सेंट्रल जोन की ओर से संजू शर्मा ने तीन विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि संतोष कुमार मोहापात्रा ने 34 रन बनाए।
व्यक्तिगत पुरस्कार:
मैन ऑफ द मैच: विवेक कुमार (नॉर्थ जोन), अमन चौकसे (सेंट्रल जोन)सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़: अभिषेक सिंह (ईस्ट जोन)सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़: विवेक कुमार (नॉर्थ जोन)प्लेयर ऑफ द सीरीज़: विवेक कुमार (नॉर्थ जोन)
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अतुल मलिकराम ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की, जबकि विशिष्ट अतिथि राखाल कुमार सेठी ने उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
आईडीसीए के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा कि इस चैंपियनशिप ने डेफ क्रिकेटरों की प्रतिभा और खेल के प्रति उनके समर्पण को उजागर किया है। उनका कहना था कि ऐसे आयोजन विशेष रूप से सक्षम खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर देते हैं।
यह प्रतियोगिता 11 से 15 मार्च 2026 तक इंदौर के द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से आए डेफ क्रिकेटरों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।



