भुवनेश्वर, 12 मार्च।
ओडिशा विधानसभा में गुरुवार को कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने रसोई गैस की कथित कमी का मुद्दा उठाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लगातार नारेबाजी और हंगामे के कारण प्रश्नकाल की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। हालात को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदन की कार्यवाही सुबह 11:30 बजे तक स्थगित कर दी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सदन की कार्यवाही सुबह 10:30 बजे शुरू हुई थी। अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी प्रश्नकाल प्रारंभ कराना चाहती थीं। राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी की अनुपस्थिति में स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग प्रश्नों का उत्तर देने के लिए खड़े हुए।
इसी दौरान कांग्रेस के विधायक रसोई गैस की कमी का मुद्दा उठाते हुए नारेबाजी करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस की कमी के कारण राज्य के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विरोध दर्ज कराने के लिए विधायक हाथों में प्लेकार्ड लेकर सदन के बीच पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे।
अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कई बार कांग्रेस सदस्यों से शांत होकर सदन की कार्यवाही में सहयोग करने की अपील की, लेकिन विधायकों ने उनकी अपील को अनदेखा करते हुए विरोध जारी रखा। लगातार जारी हंगामे के कारण अंततः अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही को सुबह 11:30 बजे तक स्थगित करने का निर्णय लेना पड़ा।



