भुवनेश्वर, 02 मार्च।
बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन, ओड़िशा ने वार्षिक हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2 मार्च को समाप्त कर दी। बोर्ड के अध्यक्ष श्रीकांत तराई ने सोमवार को बताया कि परिणाम पहले या दूसरे सप्ताह में घोषित होने की संभावना है।
यह परीक्षा 19 फरवरी से 2 मार्च तक राज्य के 3,082 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई।
परीक्षा के संचालन के संबंध में श्रीकांत तराई ने कहा, “परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बिना किसी बड़ी समस्या के संपन्न हुई। इस साल कोई अप्रत्याशित घटना या उल्लंघन की रिपोर्ट नहीं मिली।”
उन्होंने भुवनेश्वर के बेरहामपुर में एक मामूली घटना का उल्लेख किया, जहां एक परीक्षक ने गलती से सेट ए के उत्तरपत्र सेट बी के छात्रों को दे दिए। “यह त्रुटि तुरंत सुधार दी गई। कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी, और कोई धोखाधड़ी की घटना नहीं हुई। इस परीक्षा का सुचारू संचालन सीसीटीवी निगरानी के कारण संभव हो पाया।”
बीएसई अध्यक्ष ने पुष्टि की कि मूल्यांकन प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। ऑब्जेक्टिव ओएनआर उत्तरपत्रों का मूल्यांकन वर्तमान में चल रहा है, जबकि सब्जेक्टिव ओएमआर उत्तरपत्रों का मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि 15,000 शिक्षक 51 केंद्रों पर मूल्यांकन में शामिल होंगे। यदि मौसम से कोई बाधा नहीं आती है, तो परिणाम मई के दूसरे सप्ताह तक घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी सावधानी और त्रुटि रहित तरीके से की जाएगी।



