कोलकाता, 07 मार्च।
शहर के पाइकपाड़ा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बंद पड़े क्लब में हुए कई विस्फोटों से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। यह घटना गांगुलीपाड़ा लेन स्थित एक क्लब परिसर में हुई, जहां सुबह करीब 6 बजकर 11 मिनट पर जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी।
विस्फोट इतना तेज था कि क्लब की टिन की छत उड़कर पास की एक बहुमंजिला इमारत की छत पर जा गिरी। तेज आवाज से आसपास के लोग घबरा गए और बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने लगातार करीब पांच बार धमाकों की आवाज सुनी। जब लोग घटनास्थल के पास पहुंचे तो क्लब का दरवाजा और टिन की छत उखड़ी हुई मिली और अंदर आग लगी हुई दिखाई दी। इसके बाद लोगों ने तुरंत चितपुर थाने को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी जांच के लिए बुलाया गया।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक जिस जगह यह विस्फोट हुआ, वहां पहले एक क्लब संचालित होता था, लेकिन वह पिछले छह से सात महीनों से बंद पड़ा था। इलाके में प्रमोटिंग को लेकर विवाद की भी चर्चा है। कुछ लोगों को आशंका है कि इसी विवाद के चलते किसी ने परित्यक्त क्लब में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी हो सकती है।
घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों ने चिंता जताई है। स्थानीय नागरिकों ने इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ाने और क्लब परिसर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विस्फोट के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है। गौरतलब है कि राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण इस घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।



