नई दिल्ली, 21 फरवरी।
राजधानी में भूमिगत ‘युगे युगेन भारत’ मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्य के चलते 23 फरवरी से पंडित पंत मार्ग का एक हिस्सा आम यातायात के लिए बंद रहेगा। इस संबंध में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी के अनुसार जीआरजी सर्कल से पीएम सर्कल के बीच पंडित पंत मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। गोल डाक खाना की ओर से आने वाले वाहन चर्च रोड जाने के लिए डॉ. बिशंबर दास मार्ग, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड और चर्च लेन का उपयोग करें। वहीं चर्च रोड से आने वाले वाहन गुरुद्वारा रकाबगंज रोड, टॉकटोरा रोड होते हुए चर्च लेन के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
यातायात पुलिस ने संसद मार्ग, पटेल चौक राउंडअबाउट, अशोका रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बिशंबर दास रोड, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड और महादेव रोड को वैकल्पिक मार्ग के रूप में अपनाने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि संभव हो तो प्रभावित मार्गों से बचें और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें।
आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है। ताजा ट्रैफिक अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी उपलब्ध रहेगी। हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर भी संपर्क किया जा सकता है।



