नई दिल्ली, 21 फ़रवरी।
फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलर जिनेदिन जिदान फीफा विश्व कप 2026 के बाद फ्रांस पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच बन सकते हैं। लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिदान ने फ्रेंच फुटबॉल महासंघ के साथ मौखिक सहमति कर ली है और वे मौजूदा कोच दिदिएर देशां की जगह लेंगे।
दिदिएर देशां के नेतृत्व में फ्रांस ने लगातार दो विश्व कप फाइनल खेले, जिसमें 2018 का खिताब शामिल है। जिनेदिन जिदान 1998 में फ्रांस को विश्व कप जीताने वाली टीम के नायक थे, जबकि 2006 में टीम उपविजेता रही। हालांकि, 2006 के फाइनल में उन्हें लाल कार्ड मिला था, जो फुटबॉल इतिहास की चर्चित घटनाओं में से एक माना जाता है।
कोच के रूप में जिदान का रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उन्होंने कुल 320 मुकाबलों में से 200 में जीत दर्ज की, 70 मैच ड्रॉ रहे और 50 में हार का सामना किया। उनकी जीत प्रतिशत 62.5 रही है।
क्लब स्तर पर जिदान ने रियल मैड्रिड के साथ ऐतिहासिक सफलता हासिल की। उनके नेतृत्व में टीम ने ला लीगा (2016–17, 2019–20), सुपरकोपा दे एस्पाना (2017, 2020), यूईएफए चैंपियंस लीग (2015–16, 2016–17, 2017–18), यूईएफए सुपर कप (2016, 2017) और फीफा क्लब विश्व कप (2016, 2017) जैसे कई बड़े खिताब जीते। वे पहले कार्यकाल में लगातार तीन बार चैंपियंस लीग जीतकर इतिहास रच चुके हैं।
2006 में संन्यास लेने के बाद जिदान ने 2010 में कोचिंग करियर की शुरुआत की। वे पहले रियल मैड्रिड में सलाहकार रहे और बाद में मुख्य कोच बने। 2016–2018 और फिर 2019–2021 तक दो कार्यकाल में उन्होंने क्लब को 11 बड़े खिताब दिलाए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जिदान को अमेरिका की राष्ट्रीय टीम का कोच बनने का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन उन्होंने उसे ठुकरा दिया। अब फीफा विश्व कप 2026 के बाद फ्रांस टीम में नए युग की शुरुआत को लेकर फुटबॉल जगत में उत्साह बढ़ गया है।



