नई दिल्ली, 06 फरवरी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बहुप्रतीक्षित और लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का प्रसारण आज सुबह 10 बजे किया जाएगा। इस विशेष एपिसोड में प्रधानमंत्री विद्यार्थियों से परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, तनावमुक्त रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने और सीखने की प्रक्रिया पर फोकस करने को लेकर संवाद करेंगे। इस वर्ष कार्यक्रम के लिए 4.5 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण कराया है।
‘परीक्षा पे चर्चा’ के प्रसारण से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष का कार्यक्रम कई रोचक और उपयोगी विषयों को समेटे हुए होगा। उन्होंने कहा कि यह मंच उन्हें देश के होनहार और ऊर्जावान विद्यार्थियों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करता है। यह कार्यक्रम टेलीविजन के साथ-साथ सोनीलिव, प्राइम वीडियो और जी5 जैसे ओटीटी मंचों पर भी उपलब्ध रहेगा।
अब तक यह कार्यक्रम मुख्य रूप से दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में इसके स्वरूप में बदलाव किया गया है। नई पहल के तहत प्रधानमंत्री मोदी देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर और गुवाहाटी में छात्रों से बातचीत की। इसके अलावा कुछ चयनित विद्यार्थियों को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग पर आमंत्रित कर उनसे सवाल-जवाब किए गए।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी ‘परीक्षा पे चर्चा’ को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा के मौसम में इस कार्यक्रम की वापसी विद्यार्थियों के लिए नई ऊर्जा लेकर आती है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे तनाव से दूर रहकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षाओं का सामना करें।
इस वर्ष ‘परीक्षा पे चर्चा’ को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। अब तक 4.5 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्ष बनाए गए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से भी अधिक बताया जा रहा है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के डीडी नेशनल, डीडी न्यूज और डीडी इंडिया चैनलों के साथ-साथ आकाशवाणी पर किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा मंत्रालय के यूट्यूब चैनल, फेसबुक लाइव और MyGov.in पोर्टल पर भी इसे ऑनलाइन देखा जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ केंद्र सरकार की ‘एग्जाम वॉरियर्स’ पहल का हिस्सा है। फरवरी के मध्य से सीबीएसई समेत विभिन्न बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं, जबकि अप्रैल में जेईई मेन जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित होंगी। ऐसे समय में यह संवाद विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने वाला माना जा रहा है।



