कानपुर, 02 मार्च।
होली के अवसर पर इस बार शहर के बाजारों में पारंपरिक गुझिया नए और शाही अंदाज में नजर आ रही है। स्वाद के साथ अब इसमें लग्जरी और सेहत का विशेष ध्यान भी जोड़ा गया है। मिठाई की दुकानों पर सोने और चांदी की वर्क से सजी गुझिया ग्राहकों को आकर्षित कर रही है, वहीं शुगर फ्री और गुड़ से तैयार गुझिया की भी अच्छी बिक्री हो रही है।
त्योहार से पहले बाजारों में मिठाई की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। इस बार गुझिया की प्रीमियम और हेल्दी किस्में पेश की गई हैं। सोने की परत वाली गोल्डन गुझिया की कीमत 31 हजार रुपये प्रति किलो बताई जा रही है, जबकि चांदी की वर्क से सजी सिल्वर गुझिया 2100 रुपये प्रति किलो में उपलब्ध है।
स्वास्थ्य के प्रति सजग लोगों के लिए शुगर फ्री और गुड़ से बनी गुझिया भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 1000 से 1500 रुपये प्रति किलो के बीच है। इसके अलावा केसरिया और अंजीर वाली गुझिया की मांग भी तेजी से बढ़ी है।
मिठाई विक्रेता गौरव के अनुसार इस बार ग्राहक पारंपरिक स्वाद के साथ प्रीमियम और स्वास्थ्यवर्धक विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं। त्योहार पर उपहार देने के लिए भी लोग खास और महंगी वेरायटी की गुझिया खरीद रहे हैं।
खरीदार संदीप ने बताया कि इस बार उन्होंने कुछ अलग स्वाद के लिए केसरिया गुझिया ली है। वहीं राकेश ने कहा कि परिवार में मधुमेह के मरीज होने के कारण शुगर फ्री गुझिया बेहतर विकल्प लगा।
इस तरह इस बार होली पर बाजारों में मिठास के साथ शान और सेहत का मेल देखने को मिल रहा है, जिससे खरीदारी को लेकर खास उत्साह बना हुआ है।




